Next Story
Newszop

पाकिस्तान कभी कबूल नहीं करेगा... असीम मुनीर ने फिर दिखाए तेवर, सिंधु समझौते पर दी गीदड़भभकी

Send Push
इस्लामाबाद: पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने कहा है कि उनका देश सिंधु जल संधि पर पीछे नहीं हटेगा। मुनीर ने गुरुवार को कहा कि इस्लामाबाद जल मुद्दे पर कभी समझौता नहीं कर सकता क्योंकि यह पाकिस्तान की 24 करोड़ जनता के जीवन से जुड़ा मामला है। मुनीर ने विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और वरिष्ठ शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि पानी पर समझौते का मतलब भारत का आधिपत्य स्वीकार करने जैसा होगा, इसे पाकिस्तान कभी नहीं मान सकता है।



भारत के सिंधु जल संधि को स्थगित करने के फैसले का जिक्र करते हुए मुनीर ने कहा कि ये पानी पाकिस्तान के लोगों को हक है। ऐसे में पाक सेना 24 करोड़ पाकिस्तानियों के इस बुनियादी अधिकार पर कोई समझौता नहीं होने देगी। कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ दशकों पुरानी सिंधु जल संधि को स्थगित करने की बात कही है। इस फैसले पर पाकिस्तान की ओर से लगातार कड़ी प्रतिक्रिया आ रही है। मुनीर से पहले पाकिस्तान की सरकार भी ये कह चुकी है कि भारत ने पानी रोका तो इसे युद्ध का ऐलान माना जाएगा।



बलूचिस्तान में भारत भड़का रहा हिंसा: मुनीरअसीम मुनीर ने अपने भाषण में दावा किया कि बलूचिस्तान में उनके खिलाफ लड़ रहे गुटों को भारत से समर्थन मिल रहा है। बलूचिस्तान में हिंसा के लिए पाकिस्तान की ओर से लगातार भारत की ओर से उंगली उठाई जा रही है। बलूचिस्तान में हालिया समय में हुए बड़े हमलों और जाफर एक्सप्रेस ट्रेन हाईजैक के लिए पाकिस्तान की आर्मी और सरकार ने सीधेतौर पर भारत को जिम्मेदार ठहराया है।



भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्तों में तनाव का लंबा इतिहास रहा है। ये तनाव 22 अप्रैल के बाद खासतौर से बढ़ गया है। 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कदम उठाए हैं। इसके बाद 6-7 मई की रात को पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। इसके चलते दोनों देशों में संबंध बेहद तनाव के दौर से गुजर रहे हैं। दोनों ओर से लगातार आक्रामक बयानबाजी भी सुनने को मिल रही है।

Loving Newspoint? Download the app now