Next Story
Newszop

बारिश का कहर : जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाइवे बंद, दिल्ली में यमुना में बढ़ा जलस्तर, अब बीमारियों का खतरा

Send Push

लगातार और मूसलाधार बारिश ने गुरुवार को भी उत्तरी राज्यों को प्रभावित किया। हिमाचल प्रदेश मानसून की शुरुआत से ही प्राकृतिक आपदा की चपेट में है और यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से दिल्ली भी प्रभावित हुई है। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति के कारण शैक्षणिक संस्थान बंद कर दिए गए हैं, सामान्य जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और व्यापार ठप हो गया है।

ALSO READ: PM मोदी की मां को अपशब्द कहने के विरोध में NDA के बिहार बंद का कैसा रहा असर

अधिकारियों ने बताया कि गुरुवर को हिमाचल प्रदेश के कुल्लू ज़िले में भूस्खलन के कारण दो मकान ढह गए, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह लोग मलबे में दब गए। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम ने एक महिला समेत तीन लोगों को मलबे में से निकाला और एक शव बरामद किया।

कुल्लू के उपायुक्त तोरुल एस रविश ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से जारी बारिश के कारण कई जगहों पर भूस्खलन हुआ। उनके मुताबिक, अखाड़ा बाज़ार क्षेत्र में मलबे के नीचे दबे छह लोगों की तलाश जारी है, तीन लोगों को निकाल लिया गया है और एक शव बरामद हुआ है। उन्होंने कहा कि बारिश से बचाव कार्य में बाधा आ रही है।

हिमाचल के राज्य आपात परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार राज्य में कुल 1,292 सड़कें बंद हैं जिनमें से 294 मंडी, 226 कुल्लू, 216 शिमला, 204 चंबा और 91 सिरमौर ज़िले में हैं। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार और शनिवार को राज्य के कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और बिजली कड़कने के साथ बारिश की आशंका को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

हिमाचल में 3690 करोड़ का नुकसान

हिमाचल में अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं और सड़क हादसों में कम से कम 343 लोगों की मौत हो चुकी है और 43 लोग लापता हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार इस मानसून में अब तक राज्य को 3,690 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।

कश्मीर घाटी देश के बाकी हिस्सों से कट गई है, क्योंकि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य जमीनी मार्गों पर भूस्खलन और बारिश के कारण सड़कों के हिस्से बह जाने के कारण गरुवार को उन्हें बंद कर दिया गया।

26 अगस्त से राजमार्गों और अन्य अंतर-क्षेत्रीय सड़कों के बंद रहने के कारण 3,500 से अधिक वाहन कठुआ से लेकर कश्मीर तक विभिन्न स्थानों पर फंसे हुए हैं। फंसे हुए वाहनों की आवाजाही के लिए सोमवार को राजमार्ग आंशिक रूप से खोला गया था। इसके अलावा जम्मू-राजौरी-पुंछ राजमार्ग और बटोटे-डोडा-किश्तवार राजमार्ग सहित अन्य महत्वपूर्ण मार्ग भी भूस्खलन और सड़कों के बह जाने के कारण यातायात के लिए बंद हैं।

जम्मू रेलवे मंडल में रेल यातायात बीते नौ दिनों से बंद है। 26 अगस्त को भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ के बाद पठानकोट-जम्मू खंड में कई स्थानों पर पटरियां धंस गई थी। जम्मू क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण खासतौर से तीर्थयात्री फंसे हुए हैं और रेल व सड़क यातायात बुरी तरह बाधित हुआ है। कटरा स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर के पास भूस्खलन की घटना में 34 लोगों की जान चली गई।

ALSO READ: MY Hospital चूहाकांड : तो क्या चूहे के काटने से नहीं हुई बच्चियों की मौत, HOD बोले- ड्यूटी के दौरान कई बार हमें भी काट लेते हैं, नहीं होता इन्फेक्शन

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली के पुराने रेलवे पुल (पुराना लौहे का पुल) पर यमुना का जलस्तर गुरुवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक 207.46 मीटर पर स्थिर रहा। उन्होंने कहा कि जलस्तर धीरे-धीरे कम होना शुरू हो सकता है, हालांकि आसपास के इलाकों और राहत शिविरों में अब भी बाढ़ का पानी भरा हुआ है।

बाढ़ का पानी दिल्ली सचिवालय तक पहुंच गया, जहां मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के दफ़्तर स्थित हैं। बाढ़ का पानी कश्मीरी गेट के पास स्थित श्री मरघट वाले हनुमान बाबा मंदिर तक भी पहुंच गया। एक श्रद्धालु ने कहा, “हर साल जब यमुना का जलस्तर बढ़ता है तो यह भगवान हनुमान की मूर्ति को स्नान कराता है। यह पवित्र जल है, हम इसे पूजनीय मानते हैं।”

दिल्लीवासियों के लिए यह दोहरी मार रही क्योंकि लगातार बारिश से हुए जलभराव और यमुना की बाढ़ ने मिलकर यातायात को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया। राजस्व विभाग के अनुसार 8,018 लोगों को तंबुओं में और 2,030 लोगों को 13 स्थायी आश्रय स्थलों में स्थानांतरित किया गया है।

पंजाब वर्तमान में दशकों में आई सबसे भीषण बाढ़ का सामना कर रहा है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण सतलुज, ब्यास और रावी नदियों के साथ-साथ मौसमी नालों के उफान पर आने यह बाढ़ आई है।

अधिकारियों ने बताया कि अब तक सैलाब में 37 लोगों की मौत हुई है और 3.55 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। 1.75 लाख हेक्टेयर से अधिक की कृषि भूमि पर फसलें नष्ट हो गई हैं।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बृहस्पतिवार को पंजाब के अमृतसर और गुरदासपुर ज़िलों के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और किसानों समेत प्रभावित लोगों से बातचीत की।

पंजाब सरकार ने बुधवार को राज्य में मौजूदा बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सभी स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों की छुट्टियां सात सितंबर तक बढ़ा दी हैं।

हरियाणा में राज्य के लोक स्वास्थ्य एवं इंजीनियरिंग मंत्री रणबीर गंगवा ने बुधवार को आपात बैठक बुलाकर अधिकारियों को तत्काल जल निकासी और पूरे राज्य में पीने के पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ा, अब बीमारियों का खतरा

दिल्ली में राहत शिविरों में रह रहे लोगों पर वेक्टर जनित बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है, जबकि गुरुवार को यमुना नदी का पानी सिविल लाइंस इलाके में घुस गया। दिल्ली के पुराने रेलवे पुल (लोहा पुल) पर यमुना नदी का जलस्तर बृहस्पतिवार को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच 207.47 मीटर पर पहुंच गया। कुछ समय तक स्थिर रहने के बाद अब जलस्तर में धीरे-धीरे कमी आनी शुरू हो गई है। यमुना नदी का जलस्तर शाम सात बजे तक 207.42 मीटर दर्ज किया गया। बाढ़ संबंधी पूर्वानुमान में कहा गया है कि शुक्रवार सुबह आठ बजे तक जलस्तर 207.30 मीटर तक गिर जाएगा। मयूर विहार फेज-1 और यमुना बाजार में बाढ़ का पानी राहत शिविरों में घुस गया, जिससे सैलाब के कारण विस्थापित हुए लोगों की परेशानी और बढ़ गई। इनपुट भाषा Edited by : Sudhir Sharma

Loving Newspoint? Download the app now